Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 29 Jul 2023 5:51 pm IST

राजनीति

हरियाणा की महिलाएं बोलीं- राहुल की शादी करा दो, मां सोनिया गांधी ने कहा- आप लड़की ढूंढो


नई दिल्‍ली: हरियाणा के सोनीपत पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बुलाने पर यहां की महिलाएं पार्टी की पूर्व अध्‍यक्ष सोनिया गांधी के घर खाने पर पहुंचीं। लंच पर सोनिया के साथ राहुल और प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं। इस दौरान तीनों की हरियाणा की महिलाओं से खूब चर्चा हुई। इस दौरान महिलाओं ने सोनिया गांधी से राहुल की शादी को लेकर सवाल किए तो मां सोनिया ने कहा कि आप लड़की ढूंढो न। वहीं, राहुल गांधी ने भी अपनी शादी को लेकर कहा, हो जाएगी।

इसके बाद महिलाओं ने प्रियंका गांधी के साथ बचपन की बातें भी पूछीं। महिलाएं अपने साथ गाय और भैंस का घी और छाछ लेकर पहुंची थीं, जिसे उन्होंने सोनिया गांधी को दे दिया। बता दें कि राहुल गांधी आठ जुलाई को शिमला जाने के दौरान सोनीपत रुके थे। जहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ खेत में ट्रैक्टर चलाया था और धान की फसल रोपी थी। इस दौरान राहुल की ग्रामीण महिलाओं से मुलाकात हुई थी, जिसमें राहुल ने सभी को दिल्ली घुमाने और बुलाने का वादा किया था।

राहुल गांधी ने पूरे किए दो वादे

अपने इसी वादे को पूरा करते हुए राहुल गांधी ने हरियाणा की 24 महिलाओं का एक ग्रुप सोनिया गांधी के घर पहुंचाया। इन महिलाओं के साथ कुछ बच्चे भी थे। राहुल के सोनीपत दौरे के दौरान एक महिला ने कहा था कि उसे मोतिया की वजह से दिखता नहीं है। इस पर राहुल ने उनका ऑपरेशन कराने का वादा किया था। राहुल की टीम ने ये ऑपरेशन करवा दिया। सोनिया गांधी से मिलने पहुंचे ग्रुप में वह महिला भी थी। राहुल ने उन्हें देखकर हालचाल पूछा और काला चश्मा लगाए रखने की सलाह दी।