Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 23 Apr 2022 8:00 am IST


अतिक्रमण पर गरजा निगम का बुलडोजर


रुड़की: अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को नगर निगम ने अभियान चलाया। बुलडोजर से मलकपुर चुंगी से लेकर सोलानी नदी के पुल तक सभी प्रकार के अतिक्रमण को हटा दिया गया। नगर निगम की ओर से की गई कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा। कई अतिक्रमणकारी तो टीम के आने के बाद ही सामान समेटते नजर आए।

रुड़की शहर में अतिक्रमण की समस्या किसी से छिपी नहीं है। अतिक्रमण की वजह से शहर के अंदर सड़कों पर जाम लगता रहता है। नालों पर किए गए अतिक्रमण की वजह से शहर में जल भराव की समस्या हो रही है। अतिक्रमण हटाने को लेकर नवरात्र पर्व से पूर्व नगर निगम, पुलिस प्रशासन और व्यापारियों की बैठक हुई थी। जिसमें नवरात्र समाप्ति के बाद शहर भर में चरणबद्ध तरीके से सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को हटाए जाने को लेकर सहमति बनी थी। नगर निगम की ओर से इसी क्रम में अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को मलकपुर चुंगी से सोलानी पुल तक नाले के ऊपर किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर से ढहा दिया गया। इस दौरान नालों के ऊपर बनाए गए पक्के निर्माण को भी जेसीबी से तोड़ दिया गया। साथ ही सड़क तक डाली गई टीन शेड़ को भी उखाड़ दिया गया। अतिक्रमण अभियान के दौरान कई व्यक्तियों ने विरोध किया। इस दौरान अधिकारियों के साथ लोगों की तीखी नोकझोंक भी हुई। लेकिन, पुलिस प्रशासन की सख्ती के आगे उनकी एक ना चली।