Read in App

Rajesh Sharma
• Mon, 3 Jan 2022 11:18 am IST


पतंग को लेकर हुआ विवाद मारपीट


हरिद्वार। पतंग लूटने के इरादे से निरंजनी अखाड़े के मैदान में घुसे किशोर को दौड़ा लेने पर अखाड़े के संत और किशोर के परिजन आमने-सामने आ गए। दोनों ही पक्षों के बीच सरेराह लाठी-डंडे चलने से अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में दोनों ही पक्षों को चोटें आई हैं। एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए दोनों पक्ष जगजीतपुर चैकी में डटे हुए थे। शिवपुरी कालोनी-जगजीतपुर के बीच में निरंजनी अखाड़े की भूमि है। दोपहर के वक्त जगजीतपुर क्षेत्र का ही रहने वाला एक किशोर पतंग लूटने के चक्कर में अखाड़े के मैदान में घुस गया। अखाड़े में मौजूद संत ने किशोर को दौड़ा लिया लेकिन बाहर भागते हुए लड़खड़ा कर गिरने पर किशोर को चोट लग गई। रोते हुए अपने घर पहुंचे किशोर ने परिजनों को घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके बाद किशोर के परिजन सीधे अखाड़े में जा धमके। दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक होने के बाद मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चल गए। राहगीरों ने बीच बचाव कर दोनों पक्षों को अलग थलग किया। एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए दोनों पक्ष जगजीतपुर चैकी पहुंच गए। चैकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार ने बताया कि दोनों पक्षों में से किसी ने तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। हलांकि दोनों ही पक्षों को चोटें आई हैं।