Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 21 Aug 2022 10:00 am IST

नेशनल

जानलेवा साबित हो रही है मानसून की बारिश, 24 घंटों में 33 लोगों की मौत, 17 लापता...


मानसून के दूसरे दौर की बारिश जानलेवा साबित हो चली है। देश के 5 राज्यों से तबाही की खबर सामने आ रही है जहां 24 घंटों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से 33 लोगों की मौत हुई, जबकि 17 लापता हैं। 

बीते दिन से अब तक हिमाचल में 22 लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक तबाही मंडी, कांगड़ा और चंबा में हुई। जबकि उत्तराखंड में चार लोगों की जान चली गयी। ओडिशा में चार, जम्मू-कश्मीर में दो और झारखंड में एक की मौत हुई। बताया जा रहा है कि, पहाड़ों पर हुई बारिश के बाद शनिवार को गंगा, कोटावाली और मालन नदी का जलस्तर बढ़ गया है। संगम नगरी प्रयागराज में गंगा और यमुना दोनों ही नदियों में आई बाढ़ अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत का सबब बनती जा रही है। 

बिहार के बक्सर, पटना, भोजपुर ,सारण जिलों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। साथ ही सहरसा, कटिहार, खगड़िया में भी बाढ़ का पानी निचले इलाके में प्रवेश कर गया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। वहीं हिमाचल के कांगड़ा और पंजाब के होशियारपुर, गुरदासपुर, पठानकोट, मुकेरियां, दसूहा, जवाली, इंदौरा, नूरपुर, फतेहपुर, जवाली, तलवाड़ा, हाजीपुर और इंदौरा के लिए अलर्ट जारी किया है। शाह नहर बैरेज और ब्यास से पानी छोड़ा जा सकता है। 

ओडिशा के 10 जिलों बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। बाढ़ के कारण कई जिलों की नदियां उफान पर हैं। साथ ही प्रदेश के निचले स्तर में पानी घुसने से कई लोग बेघर हो गए हैं।