Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 11 Jan 2022 7:30 am IST


हरिपुर रोड पर जलभराव से क्षेत्रवासियों में आक्रोश


विकासनगर : नगर पंचायत सेलाकुई के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने वाली हरिपुर रोड पर जलभराव की समस्या से हर कोई परेशान है। एक फार्मा कंपनी के समीप रोड पर दो सौ मीटर हिस्से में भरे गंदे पानी से होकर कंपनी के श्रमिक व ग्रामीण मुश्किल से गुजरते हैं। नगर पंचायत क्षेत्र होने के बावजूद यहां पर जलभराव व गंदगी आदि समस्या का निराकरण नहीं हो पाया है। जिस कारण क्षेत्रवासियों में आक्रोश बढ़ रहा है।

बरसात होने से जलभराव की समस्या में और विकट हो गई है। फिलहाल जलभराव के कारण रोड इतनी खराब हो चुकी है कि क्षेत्रवासियों के साथ-साथ कंपनी श्रमिकों व कर्मचारियों को भी गंदे पानी के बीच में से होकर गुजरना पड़ता है। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी व नगर कांग्रेस अध्यक्ष अमित पंवार ने कहा कि पूर्व में भी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों व सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर से कई बार गुहार लगाई कि इस 200 मीटर रोड के हिस्से में पानी निकासी को नाली का निर्माण कराया जाए, लेकिन पिछले 5 साल से बदहाल रोड जस की तस है। जितनी बार बारिश पड़ती है उतनी ही बार क्षेत्रवासियों को भारी जलभराव की वजह से मुश्किलें पेश आती है। स्थानीय निवासी भोलू चंद ने कहा कि इस बार भाजपा से संबंधित कोई भी कार्यकत्र्ता चुनाव के समय में जब क्षेत्र में आएगा तो उनका विरोध किया जाएगा। वरिष्ठ नागरिक गरीब दास ने कहा कि पिछले 5 वर्षो से रोड की हालत जर्जर बनी हुई है। कंपनी कर्मी देव प्रकाश ने कहा कि जब भी बारिश होती है रोड पर जलभराव से मुश्किल बढ़ जाती है। क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।