Read in App


• Tue, 12 Mar 2024 4:47 pm IST


बागेश्वर आ रही बस के ब्रेक हुए फेल, चालक की सूझबूझ से बची यात्रियों की जान


कौसानी (बागेश्वर)। रामनगर से बागेश्वर आ रही केमू की बस कौसानी से उतरते समय अनियंत्रित हो गई। ढलान में बस की रफ्तार तेज होने से यात्रियों की जान खतरे में फंस गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को पहाड़ी से टकरा दिया जिससे बड़ा हादसा बच गया।सोमवार को रामनगर से बागेश्वर के लिए आ रही बस कौसानी आने तक ठीक थी। कौसानी से गरुड़ की ओर आते समय ढलान पर गाड़ी के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। ब्रेक फेल होने से ढलान पर बस की रफ्तार तेज होने लगी। बस की स्पीड बढ़ती देख गाड़ी में बैठे 14 यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। विपरीत हालत में भी चालक पूरन पुजारी ने हौसला बनाए रखा और उन्होंने लौबांज के पास पहाड़ी से उभरे एक टीले से बस को टकरा दिया। चालक ने बताया कि लौबांज के पास ब्रेक फेल हो चुका था। हादसा बचाने के लिए बस को पहाड़ी से टकराना पड़ा। गनीमत रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं। परिचालक महेश नैनवाल ने बताया कि यात्रियों को अन्य वाहन से बागेश्वर रवाना कर दिया है। इधर, केमू स्टेशन इंचार्ज केडी भट्ट ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है।