Read in App


• Sat, 26 Jun 2021 2:57 pm IST


पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों ने ईई का पुतला फूंका


टिहरी-नगर में जलापूर्ति सुचारु नहीं होने पर लोगों ने जल संस्थान के प्रति आक्रोश जताया। गुस्साए लोगों ने जल संस्थान के उपखंड कार्यालय में सांकेतिक धरना देकर ईई (अधिशासी अभियंता) का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि जल्द पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं कराई गई तो संस्थान के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा।
नगर के लंबे समय से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। कई बार कहने पर भी व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर गुस्साए लोगों ने शुक्रवार को जल संस्थान के उपखंड कार्यालय पहुंचकर सांकेतिक धरना देने के बाद ईई का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि पेयजल संकट से जूझ रहे नगर क्षेत्र के लोगों को कभी-कभार ही पानी मिल पाता है तो कई बार पानी मटमैला आता है। जेई विपिन कुमार ने प्रदर्शनकारियों को जल्द समस्या समाधान करने का आश्वासन दिया। पुतला फूंकने वालों में अक्षतपवन बिजल्वाण, अनिल बिजल्वाण, सचिन सजवाण, दिनेश तड़ियाल, सुमित रावत, गौरव बिष्ट, मनीष और अमन आदि शामिल थे।