राजधानी दिल्ली के लाल किला में आयोजित भारत पर्व में उत्तराखंड पर्यटन विभाग के स्टॉल पर आगामी मार्च में आयोजित होने वाले योग महोत्सव का मुख्य आकर्षण है। पर्यटन विभाग 1 से 7 मार्च के बीच ऋषिकेश में होने वाले योग और आरोग्य के महाकुंभ अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव 2023 को केंद्र में रखकर देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है । भारत पर्व में उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत की प्रस्तुतियां भी की जा रही हैं। पर्व में आने वाले लोग बड़ी संख्या में इनमें रुचि दिखा रहे हैं।
भारत पर्व का उद्घाटन बृहस्पतिवार, 26 जनवरी 2023 को हुआ। शुक्रवार से इसे आम जनता के लिए खोला गया है। पर्यटन विभाग पर्व में उत्तराखंड थीम पवेलियन, फूड स्टॉल, हस्तशिल्प स्टॉल के जरिए लोगों को आकर्षित कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव को प्रोत्साहन देने के लिए योग एवं अध्यात्म की राजधानी ऋषिकेश में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की प्रदर्शनियों को भी शामिल किया गया है। इसी थीम पर एक सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। महोत्सव में शामिल होने के इच्छुक लोगों के लिए वहां नि:शुल्क रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।