Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 2 Jan 2023 3:00 pm IST


मातम में तब्दील हुईं खुशियां ! नए साल के जश्न के बीच नदी में बहा युवक


उत्तरकाशी ( पुरोला ) : अपने दोस्तों के साथ नव वर्ष के स्वागत के लिए मोरी के सांद्रा क्षेत्र में जश्न मनाने गया बड़कोट का एक युवक टौंस नदी में गिरा। इसके बाद युवक का कुछ पता नहीं चल पाया। युवाओं का जश्न गम में तब्दील हुआ।शनिवार को बड़कोट क्षेत्र के सात दोस्त वर्ष 2022 की विदाई और नए साल का जश्न मनाने के लिए मोरी के सांद्रा गेस्ट हाउस के मैदान में पहुंचे। वहां उन्होंने पार्टी का आयोजन किया था। रात करीब एक बजे त्रिखिली बड़कोट निवासी चैन सिंह पुत्र खजान सिंह व स्याना चट्टी के महादेव सिंह शौच करने के लिए सांद्रा पुल के निकट गए। अचानक दोनों का पैर फिसला। महादेव सिंह झाड़ियों में फंस कर गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि चैंन सिंह नदी में बह गया।जब काफी देर तक दोनों नहीं लौटे तो अन्य साथियों ने तलाश की। रात तीन बजे घटना की सूचना पुलिस और एसडीआरएफ को दी गई। इसके बाद महादेव सिंह को किसी तरह बाहर निकाला गया। चैंन सिंह का कोई पता नहीं चल पाया है। रविवार पूरे दिन भी एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने अभियान चलाया।