Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 5 Nov 2021 7:37 pm IST


दीपावली पर रही हवा प्रदूषित ,देहरादून और हरिद्वार में एक्यूआइ 300 पार


दीपावली की रात दून और हरिद्वार में हवा खासी प्रदूषित रही।उत्तराखंड पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दीपावली की रात के वायु प्रदूषण के आधिकारिक आंकड़े जारी किए हैं। इसमें बताया गया है कि प्रदेश में देहरादून और हरिद्वार में एक्यूआइ 300 पार कर गया। दीपावली के मद्देनजर बोर्ड पिछले करीब एक सप्ताह से हवा की गुणवत्ता का डाटा जुटा रहा था। दून में 28 अक्टूबर को एक्यूआइ 134.5 दर्ज किया गया था। छोटी दीपावली यानी तीन नवंबर को यह बढ़कर 184 पहुंच गया था और अगले दिन दीपावली की रात यह 327 रिकार्ड किया गया। इस तरह आठ दिन के भीतर वायु प्रदूषण में करीब 140 फीसद का इजाफा दर्ज किया गया। इसके अलावा हरिद्वार में दीपावली की रात एक्यूआइ 321, ऋषिकेश में 257, काशीपुर में 267, हल्द्वानी में 251 और रुद्रपुर में 263 रिकार्ड किया गया।