अल्मोड़ा : विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग जनता की है। सरकार ने इसे ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने की शुरूआत कर दी है। उन्हें पूरा विश्वास है कि हम धीरे-धीरे गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाएंगे।जिले के भ्रमण पर आईं विधानसभा अध्यक्ष ने बुधवार को अल्मोड़ा के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि संसदीय कार्य मंत्री की ओर से पहले ही कहा गया है कि इस बार बजट सत्र ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में होगा। विधानसभा सचिवालय इसके लिए तैयार है। हम सुचारु रूप से इस सत्र को चलाएंगे।विधानसभा भर्ती घोटाले को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। अत: इस मामले में कुछ भी नहीं कहेंगीं। सभी को कोटिया कमेटी की रिपोर्ट का गहराई से आकलन करना चाहिए। निकाले गए कर्मियों व इससे पूर्व नियुक्त कर्मियों की नियुक्ति पर फर्क सभी को नजर आ जाएगा। इससे पूर्व सर्किट हाउस में पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कुछ समय रुकने के बाद वह कौसानी के लिए रवाना हुईं।