Read in App


• Fri, 16 Jul 2021 9:51 am IST


पेयजल आपूर्ति सुचारु न होने से नाराज महिलाओं ने किया प्रदर्शन


चंपावत। चंपावत जिले के कई हिस्सों में बरसात में भी लोग प्यासे हैं। बाराकोट क्षेत्र के पम्दा गांव के लोग पिछले 28 दिन से पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से यहां पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इससे लोगों को प्राकृतिक जल स्रोतों और दूरदराज के गधेरों से पानी ढोना पड़ रहा है। नाराज महिलाओं ने बृहस्पतिवार को पम्दा गांव में सांकेतिक प्रदर्शन किया। पिछले महीने हुई बारिश से पम्दा गांव की पेयजल आपूर्ति बाधित है। नलों से पेयजल आपूर्ति नहीं होने पर लोग दूरदराज के गधेरों से पानी लाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत कई बार जल संस्थान के अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। प्रदर्शन करने वालों में पार्वती जोशी, रूकमणि देवी, खीमा देवी, बबीता जोशी, रेणु, रेवती, आरती, आस्था, नेहा आदि शामिल थे। इधर जल संस्थान के बाराकोट के अपर सहायक अभियंता भुवन भट्ट का कहना है कि क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को ठीक कर एक दिन के भीतर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।