Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 10 Oct 2022 12:30 pm IST


उत्तराखंड : पिंडारी ग्लेशियर का ट्रेल दर्रा पार करने में 12 सदस्यीय दल कामयाब


बागेश्वर :बंगाली ट्रैकरों और जिले के पर्वतारोहियों के 12 सदस्यीय दल ने पिंडारी ग्लेशियर के ट्रेल पास को पार करने में कामयाबी हासिल की है। 26 सितंबर को खाती से रवाना हुए दल ने चार अक्तूबर को 5312 मीटर ऊंचाई पर स्थित ट्रेल पास को फतह किया। इसके बाद टीम आठ अक्तूबर को मुनस्यारी पहुंची। विपरीत मौसम के बावजूद दल में शामिल पर्वतारोहियों ने बुलंद हौसलों का परिचय देते हुए अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया।ट्रेल पास पिंडारी ग्लेशियर में स्थित है। 1830 में अंग्रेज घुमक्कड़ सर विलियम ट्रेल ने सूपी गांव के मलक सिंह के साथ मिलकर पिंडारी ट्रैक को खोजा था। स्वास्थ्य कारणों के कारण विलियम ट्रेल आगे नहीं जा पाए थे लेकिन मलक सिंह जोहार होते हुए मुनस्यारी तक पहुंच गए थे। 26 सितंबर को ट्रेल पास के लिए खाती से टीम रवाना हुई थी। टीम में पांच बंगाली ट्रैकर पार्थो घोष, रंजन दत्ता, तापस हर, विजय कांत पांडे और प्रशांत कुमार थे। उनके साथ गाइड दिनेश सिंह दानू, इंद्र सिंह, प्रवीण सिंह, गोविंद सिंह, महिपाल सिंह, कृपाल सिंह और मोहन सिंह शामिल थे।