Read in App


• Tue, 26 Jan 2021 12:56 pm IST


यह शताब्दी भारत की होगी, गणतंत्र दिवस पर बोले मुख्य सचिव ओम प्रकाश


देहरादून। मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने मंगलवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सचिवालय प्रांगण में झंडारोहण किया। मुख्य सचिव ने सभी ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि भारत एक विविधतापूर्ण देश है। संविधान निर्माताओं ने इसका ख्याल रखा और सभी वर्गों के हित सुरक्षित रखे। हमारे संविधान ने हमें वो मौलिक अधिकार दिए जो हर व्यक्ति को समानता के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। भारत के संविधान के प्रति हमारी आस्था, उसके बारे में जानना और उसका पूर्ण रूप से अनुपालन करना हम भारतीयों का प्रथम कर्त्तव्य हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के विकास में सचिवालय, सर्वोच्च प्रशासनिक इकाई के रूप में एक महत्त्वपूर्ण कड़ी है। राज्य के और आमजन के विकास के लिए हमारे छोटे-छोटे प्रयास जनता में हमारे सिस्टम के प्रति आस्था को मजबूत करते है। उन्होंने कहा कि अलग उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए भ्रष्टाचारमुक्त व्यवस्था और पर्वतीय क्षेत्रों के विकास के सपने को साकार करना होगा। सचिवालय की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता के साथ ही जनता का विश्वास बना रहे, इसके लिए सचिवालय एवं जनपद कार्यालयों को भी ई-ऑफिस से जोड़ा जा रहा है।