Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 14 Mar 2023 5:01 pm IST


अनुश्रवण समिति की बैठक में हुई विकास कार्यों पर चर्चा


हरिद्वार: मुख्य विकास अधिकारी प्रतीक जैन की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय राजस्व सम्वर्द्धन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी(वित्त एवं राजस्व) बीर सिंह बुदियाल ने वन, आबकारी, सिंचाई, विद्युत, निबन्धन, राज्य कर, रोडवेज, पर्यटन आदि विभागों के राजस्व सम्वर्द्धन एवं वसूली के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी प्रतीक जैन ने बैठक में वन विभाग के अधिकारियों से निर्धारित किये गये वार्षिक लक्ष्य, उसके सापेक्ष वसूली के सम्बन्ध में जानकारी ली तो अधिकारियों ने बताया कि लगभग 74 प्रतिशत राजस्व की वसूली हो गयी है तथा राजस्व वृद्धि हेतु समस्त रेंज अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश वन विभाग के अधिकारियों को दिये। प्रतीक जैन द्वारा आबकारी विभाग के अधिकारियों से राजस्व वसूली के सम्बन्ध में जानकारी लेने पर अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 101 प्रतिशत राजस्व की वसूली हो गयी है। बैठक में एआटीओ हरिद्वार ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 100 प्रतिशत राजस्व वसूली कर ली गयी है तथा एआरटीओ रूड़की ने बताया कि 80 प्रतिशत राजस्व की वसूली हो गयी है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि कर बकाया वाहनों पर बकाया वसूलने हेतु विशेष कार्यवाही करने के साथ ही प्रभावी प्रवर्तन की कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।