Read in App


• Thu, 23 Nov 2023 3:07 pm IST


नैनीताल में महिला पर्यटक के साथ मारपीट, टैक्सी के किराये को लेकर हुआ था विवाद


नैनीताल : दिल्ली से नैनीताल घूमने पहुंची एक महिला पर्यटक का टैक्सी के किराये को लेकर चालक से विवाद हो गया। आरोप है कि टैक्सी चालक ने महिला सैलानी के साथ न केवल अभद्रता की बल्कि विरोध करने पर मारपीट भी की।दिल्ली से महिला पर्यटकों का दल नैनीताल घूमने आया हुआ था। पांच दिवसीय भ्रमण के बाद यह दल बुधवार सुबह वापसी के लिए तल्लीताल पहुंचा। महिला सैलानियों ने यहां एक टैक्सी बुक कराई। टैक्सी के किराये को लेकर टैक्सी चालक व महिला पर्यटकों में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि टैक्सी चालक ने महिलाओं के साथ अभद्रता और मारपीट भी की। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही टैक्सी चालक वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने महिला सैलानियों को दूसरे वाहन से काठगोदाम रवाना किया। एसपी क्राइम व यातायात डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि आरोपी टैक्सी चालक की खोजबीन की जा रही है।