Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 14 Mar 2023 2:18 pm IST

नेशनल

प्राकृतिक आपदाओं से देश में एक साल में दो हजार लोगों की मौत, 18 लाख हेक्टेयर फसलें हुई बर्बाद...


देश में प्राकृतिक आपदाओं की वजह से साल 2022-23 में कुल 1997 लोगों की जान गई। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में एक लिखित जवाब में यह जानकारी दी है। 

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि, प्राकृतिक आपदाओं की वजह से जहां देश में 1997 लोगों की मौत हुई है, साथ ही 30,615 पशुओं की भी जान गई। आपदाओं की वजह से 18,54,901 हेक्टेयर फसलें भी तबाह हुई हैं। बता दें कि भारत जलवायु परिवर्तन से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में शामिल है,  जिसकी वजह से यहां प्राकृतिक आपदाओं में बढ़ोतरी होगी। 

एशिया पैसिफिक डिजास्टर रिपोर्ट 2021 में दावा किया गया था कि, भारत की गरीब तबके की 60 फीसदी आबादी पर बीमारी, प्राकृतिक आपदाओं का खतरा मंडरा रहा है। आशंका है कि, साल 2040 तक कमजोर तबके की करीब 71 फीसदी आबादी जलवायु परिवर्तन के कारण आने वाली आपदाओं का शिकार हो जाएगी। 

केंद्रीय मंत्री ने ये भी बताया कि, जम्मू कश्मीर में बीते पांच सालों में करीब 1547 करोड़ रुपए का निवेश हुआ है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने बताया कि, जम्मू कश्मीर सरकार की तरफ से उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक, साल 2017-18 से लेकर जनवरी 2022 तक राज्य में 1547.87 करोड़ का निवेश आया है।