Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 3 Oct 2022 11:00 am IST

नेशनल

मिनी टैंपो चालक ने पंजाबी गायक अमनजोत को मारी टक्कर, हालत गंभीर


पॉलीवुड के उभरते गायक अमनजोत सिंह उर्फ अल्फाज को खरड़-लांडरा रोड पर शनिवार देर रात मिनी टेंपो ने टक्कर मार दी। 

टक्कर इतनी जोरदार थी कि अल्फाज करीब 10 फुट तक हवा में उछलकर नीचे आ गिरे। उनकी रीढ़ की हड्डी के अलावा शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट आईं हैं। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में अल्फाज के दोस्तों ने उन्हें फोर्टिस में भर्ती कराया । 

जिसके बाद घटना की सूचना पर पुलिस ने आरोपी विक्की निवासी रायपुररानी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि, शनिवार रात करीब साढ़े 12 बजे अल्फाज पांच दोस्तों के साथ पाल ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। तभी ढाबा के मालिक रोडा और कारिंदे विक्की में किसी बात पर बहस होने लगी। विक्की ने खाना खा रहे सिंगर अल्फाज से ढाबा मालिक की शिकायत की। अल्फाज ने ढाबा मालिक से मामला बातचीत से सुलझाने को कहा और बाहर आकर सड़क किनारे खड़े हो गए। 

तभी विक्की ने मिनी टेंपो से अल्फाज को जोरदार टक्कर मार दी। अल्फाज गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि ढाबा मालिक और विक्की में लेन-देन का विवाद था। उसे अल्फाज से मदद की उम्मीद थी। गुस्से में उसने यह हरकत की है।