देहरादून : वन विभाग की मालसी रेंज में शिकारियों के लगाए फंदे में फंसकर एक और गुलदार की मौत हो गई। रविवार को डाकरा क्षेत्र में गुलदार का शव मिलने से वन विभाग हरकत में आ गया है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच गुलदार का शव कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि शव कई दिन पुराना है। इस मामले में अज्ञात शिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
रेंजर भुवन केष्टवाल ने बताया कि गुलदार के पैर और पेट पर तार के फंदे फंसने के कारण गहरे घाव बने हैं। उन्होंने बताया कि यहां शिकारी छोटे वन्य जीवों के शिकार के लिए फंदा लगाते हैं। कई बार शिकारियों के खिलाफ करवाई भी की जा चुकी है। शव एक सप्ताह से अधिक पुराना प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। शिकारियों की तलाश की जा रही है।