कर्णप्रयाग: बदरीनाथ यात्रा मार्ग के मुख्य पड़ाव कर्णप्रयाग में शक्तिनगर वार्ड को नदी कटाव से रोकने के लिए सिचाई विभाग ने चेकडैम निर्माण शुरू कर दिया है। बीते दिनों स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था। दरअसल, बीते दो साल पूर्व अलकनंदा व पिडर संगम से शक्तिनगर तक धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ भूस्खलन की रोकथाम के लिए चेकडैम व बाढ़ सुरक्षा कार्य को लेकर सिंचाई विभाग की ओर से स्थलीय निरीक्षण किया गया था। सिचाई विभाग ने आस्था पथ निर्माण का सर्वे भी किया और सरकार को निर्माण संबंधी प्रस्ताव भी भेजा, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते बजट स्वीकृत नहीं हो सका। सिचाई विभाग के अधिकारियों की मानें तो नदी के तेज बहाव से पहाड़ी को भविष्य में खतरा हो सकता है। ऐसे में बाढ़ सुरक्षा के लिए चेकडैम कार्य सिचाई विभाग की देखरेख में शुरू कर दिया गया है। योजना के अनुसार 500 मीटर लंबा चेकडैम कार्य प्रस्तावित है, जो पहाड़ी का नदी से होने वाला कटाव रोकने में मदद करेगा।