Read in App


• Fri, 2 Apr 2021 8:23 am IST


"Happy Birthday Ajay Devgan"


अजय देवगन हिंदी फिल्‍मों के मशहूर अभिनेता, निर्देशक और निर्माता हैं। आइए जानते हैं उनके बारे में कुछ रोचक तथ्य
-अजय का जन्‍म 2 अप्रैल 1969 को दिल्‍ली के एक पंजाबी परिवार में हुआ था। उनके परिवार का बॉलीवुड से बहुत की करीबी का रिस्‍ता रहा है। देवगन के पिता, वीरू देवगन, एक स्टंट कोरियोग्राफर और एक्शन-फिल्म निर्देशक हैं। तो वहीं उनकी माँ वीणा, फिल्म निर्माता हैं। उनके भाई, अनिल देवगन भी एक फिल्म निर्माता और पटकथा लेखक हैं। अजय देवगन की शुरुआती पढ़ाई सिल्‍वर बीच हाईस्‍कूल जुहू, से हुई और इसके बाद उन्‍होंने मीठीबाई कॉलेज से स्‍नातक की डिग्री ली है। 

-अजय ने अपने फिल्‍मी करियर की शुरूआत 1991 में आई फिल्‍म 'फूल और कांटे' से की थी। यह फिल्‍म उस समय सुपरहिट रही थी। इस फिल्‍म में दो मोटरसाइकिलों पर पैर रखकर उनके द्वारा किया गया स्‍टंट आज भी चर्चा का विषय बना रहता है। इस फिल्‍म में किये उनके अभिनय के लिये फिल्‍म फेयर का 'बेस्‍ट मेल डेब्‍यू' का अवार्ड भी मिला था। उनकी अगली फिल्म जिगर (1992) थी, जो बॉलीवुड की मार्शल आर्ट फिल्म थी। इस फिल्‍म में उनके अपोजि़ट करिश्मा कपूर नज़र आई थीं। यह दिवाली वीकेंड पर रिलीज़ हुई और बॉक्स ऑफिस पर उस साल की सातवीं सबसे ज्यादा कमाई (7 करोड़) करने वाली फिल्म बन गई।
-इसके बाद उन्होंने संग्राम (1993), विजयपथ (1994), दिलवाले (1994), सुहाग (1994), नाज़ायज़ (1995), दिलजले (1996) और इश्क (1997) जैसी सफल फ़िल्मों में अभिनय किया। 1998 में, उन्‍होंने महेश भट्ट की बॉलीवुड-ड्रॉमा ज़ख्म में अभिनय किया और उन्हें फिल्म में उनकी भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। 1999 में, उनकी सबसे चर्चित फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' रिलीज़ हुई जिसमें उन्होंने वनराज का किरदार निभाया था, यह एक ऐसा किरदार था जो अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ मिलाने की कोशिश करता है। इस फिल्‍म से भी उन्‍होंने खूब सुर्खियां बटोरी।
-अजय देवगन की शादी मशहूर अभिनेत्री काजोल से हुई है। जिनसे उनको दो बच्‍चे, बेटी नायसा और बेटा युग हैं। अजय और काजोल की जोड़ी पहली बार 1995 में आई फिल्म ‘हलचल’ में नजर आई थी। फिल्म इंडस्ट्री के जानकार कहते हैं कि इन दोनों में प्यार इसी फिल्म से पनपा।
-फिल्‍मों में किये उनके प्रदर्शन के लिये उन्हें अब तक कुल 32 पुरस्कार मिल चुके हैं, जिनमें दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, तीन फिल्मफेयर अवार्ड, एक जी सिने अवार्ड, स्क्रीन अवार्ड्स और स्टारडस्ट अवार्ड शामिल हैं। अभिनय पुरस्कारों के अलावा, देवगन ने बॉलीवुड में अचीवमेंट के लिए राजीव गांधी अवार्ड्स, ईटीसी बॉलीवुड बिजनेस अवार्ड्स में 2010 के सबसे लाभदायक सेलिब्रिटी, जसरत अवार्ड, एनडीटीवी एक्टर ऑफ द ईयर और पद्मश्री अवार्ड्स सहित कई पुरस्कार जीते हैं।