Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 26 Nov 2021 4:48 pm IST

जन-समस्या

पनार-गंगोलीहाट रोड की बदहाली पर जनता का प्रदर्शन


प्रसिद्ध हाटकालिका मंदिर और पर्यटन नगरी गंगोलीहाट को जोड़ने वाली पनार-गंगोलीहाट सड़क की बदहाली को लेकर जिले के लोगों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। बावजूद इसके सुधारीकरण के प्रयास नहीं हो रहे।

शुक्रवार को पूर्व जिपं सदस्य जगदीश कुमार के नेतृत्व में लोगों ने पनार-गंगोलीहाट सड़क पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क धार्मिक व पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। हजारों यात्री हाटकालिका मंदिर, पाताल भुवनेश्वर गुफा के दर्शनों को इसी सड़क से गंगोलीहाट व बेरीनाग पहुंचते हैं। लेकिन सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से इस पर आवाजाही खतरनाक बनी हुई है। बावजूद इसके सुधारीकरण न कर यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कई बार सुधारीकरण की मांग के बाद भी सरकार व प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इस दौरान लोगों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए। चेतावनी देते हुए कहा शीघ्र सड़क सुधारीकरण नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। इस मौके पर धीरज चंद, हिमांशु, राजेंद्र कुमार, गोविंद, नीरज, दीवान सिंह सहित कई लोग शामिल रहे।