Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 2 Mar 2023 8:00 pm IST

नेशनल

जी20 के विदेश मंत्रियों की बैठक में बोले पीएम, कहा- “बहुपक्षवाद आज संकट में है”


दिल्ली में आयोजित जी20 के विदेश मंत्रियों की बैठक को पीएम मोदी ने संबोधित किया। उन्होने सबसे पहले सभी देशों के विदेश मंत्रियों का स्वागत किया। 

बैठक से पहले भारत के विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने जर्मनी की विदेश मंत्री अन्नालीना बाएबॉक की आगवानी की। बैठक में शामिल होने के लिए साऊदी अरब, चीन, इंडोनेशिया, स्पेन और क्रोएशिया के विदेश मंत्री भारत पहुंचे हैं। वहीं बैठक में तुर्किए और सीरिया में भूकंप में मारे गए लोगों को श्रद्धाजंलि देने के लिए एक मिनट का मौन रखा गया। 

इसके बाद जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, हम सभी को यह स्वीकार करना चाहिए कि, बहुपक्षवाद आज संकट में है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद बनाई गई वैश्विक शासन की वास्तुकला दो कामों को पूरा करने के लिए थी। उनमें पहला- प्रतिस्पर्धी हितों को संतुलित करके भविष्य के युद्धों को रोकना था जबकि, दूसरा सामान्य हित के मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना था। 

पीएम ने कहा वित्तीय संकट, जलवायु परिवर्तन, महामारी, आतंकवाद और युद्धों के पिछले कुछ वर्षों के अनुभव से स्पष्ट है कि वैश्विक शासन अपने दोनों जनादेशों में विफल रहा है। 'वर्तमान में कोई भी समूह अपने निर्णयों से सर्वाधिक प्रभावित लोगों की बात सुने बिना वैश्विक नेतृत्व का दावा नहीं कर सकता। यह बैठक गहरे वैश्विक विभाजन के समय में हो रही है। विदेश मंत्रियों के रूप में ये स्वाभाविक है कि आपकी चर्चा भू-राजनीतिक तनावों से प्रभावित होगी।' 

पीएम बोले- 'दुनिया विकास, आर्थिक लचीलापन, आपदा लचीलापन, वित्तीय स्थिरता, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, विकास की चुनौतियां को कम करने के लिए G20 की ओर देख रही है। इन सभी में G20 में आम सहमति बनाने और ठोस परिणाम देने की क्षमता है।'