Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 23 May 2022 3:30 am IST

अपराध

गाजियाबादः ट्रॉनिका सिटी में चल रहा था नकली नोट छापने का कारोबार, 5 लाख रुपये के नकली नोट बरामद


दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गाजियाबाद की ट्रॉनिका सिटी में नकली नोट छापने की प्रिंटिंग मशीन के साथ मौके से पांच लाख रुपये की कीमत के 500-500 रुपये के नकली नोट भी जब्त किए हैं। साथ ही मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। 

माना जा रहा है कि यहां छपे तमाम नकली नोटों को दिल्ली-एनसीआर में ही खपाया जा रहा था। डीसीपी अमित गोयल की टीम ने नकली नोट छापने के धंधे का भंडाफोड़ किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को कुछ इनपुट मिले थे। जिसमें नकली नोट छापने की सूचना थी। इनपुट पर जांच शुरु करने पर क्राइम ब्रांच को पता लगा कि, नकली नोट छापने की धंधा दिल्ली से सटे गाजियाबाद की ट्रॉनिका सिटी में ही चल रहा है। जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने छापा मारा। मामले में सबसे पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की गई तो पता लगा कि दो लोग उससे नकली नोट छपवाने का काम कराते हैं। जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। वहीं मौके से क्राइम ब्रांच ने पांच लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए। सभी नोट 500-500 रुपये के थे।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि प्रेस में 500-500 रूपये के ही नकली नोट छापे जाते थे। दो हजार रुपये का नकली नोट छापने में इस नोट को चलाने में खतरा अधिक है। क्योंकि, दो हजार रुपये के नकली नोट को मार्केट में खपाने के लिए मेहनत अधिक करनी पड़ती है। जिसे भी दो हजार रूपये का नकली नोट दो। वह कई बार उसके असली-नकली होने की पड़ताल करता है। जबकि 500 रूपये का नकली नोट मार्केट में चलाना आसान है।