Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 25 May 2022 6:10 pm IST


एक दिन बाद फिर से यमुनोत्री धाम की यात्रा चालू


उत्तरकाशी: भारी बारिश के कारण रोकी गई यमुनोत्री धाम की यात्रा बुधवार को एक दिन बाद फिर से चालू हो गई। यमुनोत्री धाम में बड़ी संख्या में देश विदेश के श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन को पहुंचे। यहां लंबी कतार में हजारों श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन किए।मंगलवार को जिलेभर में दिनभर भारी बारिश का सिलसिला जारी रहा। सुबह से ही भारी बारिश के बीच जिला प्रशासन को यमुनोत्री धाम की यात्रा रोकनी पड़ी। यमुनोत्री धाम के दर्शन को पहुंचे यात्रियों को बड़कोट, जानकीचट्टी आद स्थानों पर ही ठहरने के लिए कहा गया। इसके चलते एक दिन यमुनोत्री धाम की यात्रा पूरी तरह से ठप रही। बुधवार को सुबह मौसम सुहाना होते ही जिला प्रशासन ने यमुनोत्री धाम की यात्रा फिर से चालू कर दी और बड़ी संख्या में विभिन्न यात्रा पड़ावों पर ठहरे तीर्थयात्री सुबह यमुनोत्री धाम के दर्शन को पहुंचे। हालांकि बड़कोट से आगे किसाला बैंड के समीप हाईवे पर भारी मात्रा में मलबा आने से यातायात तीन घंटे ठप रहा, जिसके चलते यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल यमुनोत्री हाईवे पर यातायात निर्बाध रूप से जारी है।