Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 10 Oct 2022 8:14 pm IST

राजनीति

सैफई में CM योगी ने मुलायम सिंह यादव को दी श्रद्धांजलि, अंतिम दर्शन को उमड़ा जन सैलाब


सैफई: पूर्व रक्षा मंत्री और उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर यूपी सहित देश के कई राज्यों में शोक की लहर है। मुलायम यादव का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सैफई पहुंचा है। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार यहीं होगा। इस शोक की घड़ी में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे और पुष्प चक्र चढ़ाकर मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुलायम सिंह का पूरा परिवार एक साथ दिखा।

सपा संस्थापक नेताजी का निधन होने के बाद शोक संवेदनाओं का तांता लगा है। सोमवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे मुलायम का पार्थिव शरीर उनके गांव सैफई पहुंचा। इसके कुछ देर बाद ही सीएम योगी भी पहुंचे और पुष्प चक्र चढ़ाकर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी मुलायम सिंह यादव के निधन पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे।


रास्‍ते में कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने दी श्रद्धांजलि

इससे पूर्व गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर यमुना एक्सप्रेस वे होते हुए सैफई के लिए ले जाया गया। इस दौरान जब शव यात्रा मथुरा के मांट और बाजना से गुजरी तो वहां पहले से मौजूद लोगों की भीड़ ने अपने नेता को अंतिम विदाई दी। इसके बाद ये यात्रा आगरा के खंदौली टोल प्लाजा पर पहुंची और यहां बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं और लोगों की भीड़ जमा हुई थी। शव यात्रा को देख लोगों की आंखें नम हो गईं। सैफई पहुंचते ही उनके अंतिम दर्शन को जन सैलाब उमड़ पड़ा।


गौरतलब है कि बीते 10 दिन से मेदांता के आईसीयू और क्रिटिकल केयर यूनिट सीसीयूमें जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहने के बाद नेताजी ने सोमवार सुबह आठ बजे के करीब अंतिम सांस ली। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव सैफई में किया जाएगा। उसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे।