Read in App


• Sat, 3 Feb 2024 3:42 pm IST


टिहरी में डीएम दीक्षित ने जिला पुस्तकालय को हाईटेक बनाया


टिहरी : श्रीदेव सुमन राजकीय जिला पुस्तकालय को नया रूप दिया गया है। युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं, बुजुर्गों के लिए साहित्य, शोधकर्ताओं के लिए भी जरूरी पुस्तकें यहां रखी गई हैं। जिलाधकारी मयूर दीक्षित के प्रयासों से यह संभव हुआ है।
डीएम दीक्षित ने जिले की जिम्मेदारी संभालने के बाद पिछले साल जुलाई में जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। वहां की स्थिति खराब थी। डीएम को पठन-पाठन का माहौल नजर नहीं आया। डीएम ने लाईब्रेरी को बहुउपयोगी बनाने का निर्णय लिया। डीएम के प्रयासों से बौराड़ी स्थित जिला पुस्तकालय हाइटेक हो गया है। पुस्तकालय के ग्राउंड फ्लोर में 100 साल पुराने दस्तावेजों और पुस्तकों को सूचीबद्ध किया जा रहा है। पचास हजार से अधिक पुस्तकों में अब तक 26 हजार से अधिक किताबों को सूचीबद्ध किया जा चुका है। जिनमें वैदिक भारत, भागवत गीता, समाज एवं संस्कृति, प्राचीन भारत की सांस्कृतिक विरासत, भारतीय समाज, जीवन दर्शन, पोषण एवं स्वास्थ्य विज्ञान, इंगलिस ग्रामर, सृजनात्मक साहित्य, भारत की राजव्यवस्था आदि पुस्तकें शामिल हैं। पुस्तकालय के पहले तल पर 165 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। कुछ समय पहले टिहरी पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस पुस्तकालय का भ्रमण किया। मुख्य शिक्षा अधिकारी एसपी सेमवाल का कहना है कि डीएम के प्रयास से पुस्तकालय में सीसीटीवी कैमरे व वाई-फाई कनेक्शन भी उपलब्ध करवाया जा रहा है। पुस्कालय में पाठकों की संख्या बढ़ने लगी है।