पदोन्नति की मांग को लेकर बेमियादी हड़ताल पर चल रहे महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग में कार्यरत मिनिस्टीरियल कर्मचारियों की राज्यमंत्री रेखा आर्य से वार्ता हुई। राज्यमंत्री ने कर्मचारियों की मांग पर विधानसभा सत्र के बाद विचार करने का आश्वासन दिया। वहीं, कर्मचारियों ने कहा कि पदोन्नति के आदेश जारी होने के बाद ही वह हड़ताल खत्म करेंगे। प्रांतीय बाल विकास मिनिस्टीरियल एसोसिएशन से जुड़े कर्मचारियों की प्रदेशव्यापी हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। देहरादून में नंदा की चौकी स्थित विभागीय कार्यालय परिसर में कर्मचारियों ने धरना दिया। एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष सोहन सिंह रावत ने कहा कि शासन की ओर से रिक्त पदों पर कर्मचारियों की पदोन्नति के आदेश जारी किए गए, लेकिन बाल विकास में कार्यरत मिनिस्टीरियल कर्मचारियों को अनदेखा किया गया। कहा कि विभाग में कुल 207 पद हैं। वर्तमान में 52 पद रिक्त चल रहे हैं। वर्ष 2015 में जारी शासनादेश के अनुसार, लिपिक संवर्ग के पदों पर ज्येष्ठता के आधार पर कनिष्ठ सहायक से वरिष्ठ सहायक के पदों पर पदोन्नति का प्रविधान है।