भ्रष्टाचार के खिलाफ वर्ष 2011 में राजधानी दिल्ली में आंदोलन चलाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे एक बार फिर हुंकार भरने की तैयारी में हैं। जिसको लेकर उन्होंने नए संगठन 'राष्ट्रीय लोकआंदोलन का गठन किया है। 84 वर्षीय अन्ना हजारे इस संगठन का एलान अपने जन्मदिन 19 जून को करेंगे।
दरअसल अन्ना 19 जून को दिल्ली आएंगे। वो यहां अपने नए संगठन के कार्यकर्ताओं के एक दिनी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि, ये संगठन भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करेगा। गौरतलब है कि, लोकायुक्त कानून में देरी को लेकर अन्ना ने चेतावनी दी थी। वहीं अब उन्होंने इस मामले में पूरे महाराष्ट्र में आंदोलन का आह्वान किया है। अन्ना का कहना है कि, अगर महाराष्ट्र सरकार ने अगस्त तक ये कानून नहीं बनाया। तो पूरे राज्य में आंदोलन चलाया जाएगा।
बताते चलें कि, 15 मई को अन्ना ने सीएम उद्धव ठाकरे को इसे बारे में पत्र लिखा था। अन्ना ने पत्र में कहा था कि, महाराष्ट्र सरकार या तो लोकायुक्त कानून लागू करे या सत्ता से हट जाए। लोकायुक्त कानून के पक्ष में आंदोलन शुरू करने के लिए राज्य की 200 तहसीलों में समितियों का गठन किया गया था।