Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 13 Jul 2022 5:50 pm IST


प्रदेश के गन्ना किसानों को दो माह में किया 505 करोड़ का भुगतान : सौरभ


गन्ना कृषक संवाद कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि राज्य में पहली बार किसानों को दो माह के भीतर 505 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। वर्ष 2021 में साढ़े 17 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की गई। वर्ष 2022 में 25 लाख क्विंटल पेराई का लक्ष्य रखा गया है।

मंगलवार को विकास भवन सभागार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में गन्ना विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि जिले में गन्ने का क्षेत्रफल नौ प्रतिशत बढ़ा है। वहीं खटीमा व सितारगंज क्षेत्र में गन्ने के क्षेत्रफल में 22 प्रतिशत वृद्धि हुई है। कहा कि गन्ना किसानों की समस्या सुनने के लिए सबसे पहले यूएस नगर में संवाद कार्यक्रम रखा गया है। इसके बाद हरिद्वार जिले में गन्ना किसानों का संवाद कार्यक्रम किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यूएस नगर की जसपुर, बाजपुर, किच्छा, सितारगंज आदि चीनी मिलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि चीनी मिलों की हालत खराब होने में वाकई अधिकारियों का दोष है। कहा कि गन्ना मंत्रालय की ओर से चिठ्ठी आई है कि लापरवाही बरतने में सीधे जनरल मैनेजर व चीफ इंजीनियरों का वेतन रोका जाएगा। इसके साथ ही गलती होने पर अधिकारियों को तुरंत सस्पेंड किया जाएगा, इसीलिए सरकार आपके द्वार खुद समस्या सुनने आ रही है।
उन्होंने कहा कि सीएम से चीनी मिलों के आधुनिकीकरण करने के लिए चर्चा की जा रही है। कहा कि प्रदेश में यूपी से पांच रुपये ज्यादा किसानों को भुगतान किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री बहुगुणा ने प्रगतिशील किसानों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहां गन्ना आयुक्त हंसा दत्त पांडेय, सहायक गन्ना आयुक्त कपिल मोहन, सीडीओ विशाल मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना आदि थे।