Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 24 Dec 2021 8:00 am IST


तीसरी लहर की आशंका को लेकर अस्पताल में माकड्रिल


रुड़की: कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए गुरुवार को शासन के निर्देश पर सिविल अस्पताल में माकड्रिल की गई। इस दौरान अस्पताल की सभी स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया। माकड्रिल में आक्सीजन जेनरेशन प्लांट और आइसीयू पर खासतौर से फोकस किया गया। प्लांट से वार्ड और आइसीयू को आक्सीजन सप्लाई की गई। नौ घंटे तक यह माकड्रिल जारी रखी गई।

कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका लगातार बनी हुई है। कोरोना के नए वैरियंट ओमिक्रान के मरीज भी देशभर में मिल रहे हैं। कोरोना को लेकर तमाम आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। इसके चलते शासन के निर्देश पर गुरुवार को सिविल अस्पताल रुड़की में माकड्रिल की गई। माकड्रिल के दौरान अस्पताल में लगे आक्सीजन जेनरेशन प्लांट को संचालित कर उससे अस्पताल के वार्ड और आइसीयू में आक्सीजन की सप्लाई की गई। वार्ड में सेंट्रल आक्सीजन सप्लाई चेक की गई। वहीं आइसीयू को लेकर विशेष ध्यान दिया गया। सिविल अस्पताल रुड़की कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. एके मिश्रा ने बताया कि माकड्रिल सुबह नौ बजे शुरू हुई। शाम पांच बजे तक इसे जारी रखा गया। इस दौरान सभी चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी अलर्ट मोड पर रहे। आइसीयू वार्ड के सभी 10 बेड पर आक्सीजन सप्लाई और अन्य इंस्ट्यूमेंट को चेक किया गया। नौ घंटे तक चली यह माकड्रिल पूरी तरह सफल रही। आइसीयू के सभी उपकरणों और आक्सीजन को इसी तरह से संचालित किया गया, जैसे मरीज के भर्ती होने की स्थिति में किया जाता है।