Read in App


• Sat, 22 May 2021 3:00 pm IST


नैनीताल की कैमल्स बैक की पहाड़ी दरकने से हड़कंप


नैनीताल-लगातार हो रही बारिश के कारण बृहस्पतिवार रात कैमल्स बैक की पहाड़ी दरक गई है। भूस्खलन से पहाड़ी से निकले बोल्डर और मलबा कालाढूंगी मार्ग की ओर नारायण नगर क्षेत्र के पास पहुंच गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि ग्रामीणों की रात दहशत में कटी। नगर में बुधवार से शुरू हुई बारिश के कारण मुख्यालय में कैमल्स बैक की पहाड़ी दरक गई। भूस्खलन का मलबा पेड़ों में अटकने से जनहानि नहीं हुई, लेकिन रुक-रुककर पत्थर गिरने से लोगों में भय बना हुआ था। क्षेत्रवासियों के मुताबिक नारायण नगर क्षेत्र में 100 परिवार रहते हैं, इनमें 36 परिवार नाले से लगे क्षेत्र में रहते हैं। बरसात के दौरान हमेशा दहशत में रहने वाले नारायण नगर क्षेत्र के परिवारों को इन दिनों भी भय के माहौल में जी रहे हैं।