Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 26 Apr 2022 2:35 pm IST


यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा इंतजाम शून्य


उत्तरकाशी: गंगोत्री और यमुनोत्री धाम को जोड़ने वाले गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग व यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा इंतजाम की व्यवस्था शून्य है। इन दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकांश संकरे स्थानों पर क्रैश बैरियर तक नहीं हैं। गत वर्ष बरसात में जो भूस्खलन हुआ, उसका मलबा भी अधिकांश स्थानों से नहीं हटाया गया है। जिससे इन स्थानों पर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। हैरानी तो यह है कि प्रशासन की संयुक्त जांच टीम ने भी राष्ट्रीय राजमार्गो की बदहाल स्थिति का उल्लेख अपनी सर्वे रिपोर्ट में किया है, बावजूद इसके कार्यदायी संस्थाएं उदासीन हैं। रिपोर्ट के अनुसार गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगुण से लेकर गंगोत्री तक 11 स्थानों पर सड़क सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण क्रैश बैरियर, पैराफिट, उत्तल दर्पण नहीं हैं। साथ ही दुर्घटना आशंकित स्थानों पर साईनेज भी नहीं है। इसी मार्ग पर 25 से अधिक ऐसे स्थान हैं जहां डामरीकरण नहीं है।