Read in App


• Sat, 24 Jul 2021 9:33 am IST


कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में कक्षों की कमी पहले से ही बड़ा सिरदर्द


कांग्रेस का प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन 20 साल के वक्फे में पहली दफा एक साथ पांच अध्यक्ष देखने जा रहा है। जंबो कार्यकारिणी की वजह से पहले से ही हलकान इस भवन के सामने सबसे बड़ा संकट पांच अध्यक्षों के लिए कक्षों की व्यवस्था ही है। नए प्रदेश अध्यक्ष को इसके लिए भले ही परेशान न होना पड़े, लेकिन चार कार्यकारी अध्यक्षों के लिए मुख्य भवन में ही चार कक्षों के लिए मौजूदा व्यवस्था में बदलाव करने होंगे।
प्रदेश उपाध्यक्षों और महामंत्रियों को आवंटित कक्ष मुख्य भवन के पिछले हिस्से बने सभागार में खिसकाए जा सकते हैं। पार्टी के पक्ष को मीडिया में रखने के लिए प्रवक्ताओं की लंबी-चौड़ी फौज के लिए मात्र एक कक्ष नियत है। राजीव भवन में वर्तमान में करीब 20 कक्ष हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सदस्य संख्या 280 तक पहुंच चुकी है। पार्टी मुख्यालय में कक्षों की कमी हमेशा से पदाधिकारियों के लिए बड़ा सिरदर्द रही है।