Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 28 Apr 2022 8:28 am IST


रूस-यूक्रेन के बीच ऐतिहासिक संबंध की निशानी खत्म


दो महीनों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी यूक्रेन पर रूस के हमले जारी हैं। इस बीच आज कीव के अधिकारियों ने सोवियत संंघ के दौर में यूक्रेन व रूस के बीच ऐतिहासिक संबंध के प्रतीक स्मारक को तबाह कर दिया। प्रतीक के तौर पर दो वर्करों ने हाथ में दोस्ती के प्रतीक को थाम रखा था जिसे आज तोड़ दिया गया। हालांकि इसके ऊपर बने आर्क को वैसे ही छोड़ दिया गया है जिसे यूक्रेन के झंडों के रंग से रोशन किया जाएगा। यह जानकारी कीव के मेयर ने दी। यूक्रेन के मुद्दे पर अमेरिका व उसके पश्चिमी सहयोगी देशों और रूस के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। अमेरिका और सहयोगी देशों ने यूक्रेन को और घातक हथियार देने का फैसला किया है। साथ ही यूक्रेन की मदद पर परमाणु युद्ध की रूस की चेतावनी को भी खारिज कर दिया है। जर्मनी के रैमस्टीन एयर बेस पर अमेरिका समेत 40 देशों के प्रतिनिधियों की बैठक में यूक्रेन को भारी हथियारों से लैस करने का फैसला किया गया है। इसी एयर बेस पर अमेरिकी वायु सेना का यूरोपीय मुख्यालय है। प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए अमेरिकी रक्षा मंत्री लायड आस्टीन ने कहा कि रूसी आक्रमण के खिलाफ लड़ाई में यूक्रेन को सहायता देने के हमारे संकल्प के साथ दुनियाभर के देश एकजुट हैं।