Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 2 Sep 2022 3:48 pm IST


प्रदेश में छह हजार से अधिक पशु लंपी बीमारी से ग्रसित, 119 पशुओं की हो चुकी मौत


प्रदेश में छह हजार से अधिक पशु लंपी बीमारी से ग्रसित हैं जबकि अब तक बीमारी से 119 पशुओं की मौत हुई है। बृहस्पतिवार को पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने लंपी बीमारी की स्थिति और बचाव की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीमारी से बचाव के लिए प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में पशुओं को गोटपॉक्स वैक्सीन लगाई जाए। 

सचिवालय के वीरचंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में विभागीय मंत्री ने लंपी बीमारी की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि हरिद्वार, देहरादून व ऊधमसिंह नगर जिले में अब तक 6506 पशु लंपी बीमारी से ग्रसित हैं। जिनका उपचार किया जा रहा है। इसमें 2456 पशु स्वस्थ हो चुके हैं। 119 पशुओं की मौत हुई है। प्रदेश में लंपी बीमारी से पशुओं के स्वस्थ होने की दर 40 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.8 प्रतिशत है। विभाग के माध्यम से पशुओं में रोग की रोकथाम के लिए 1.8 लाख गोटपॉक्स वैक्सीन खरीद कर जिलों को उपलब्ध कराई गई है। अब तक 49820 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है।