Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 12 Sep 2022 8:00 am IST

अंतरराष्ट्रीय

जानिए, कैसे होगी ब्रिटेन के नए शासक चार्ल्स की ताजपोशी, अभी तारीख तय नहीं...


महारानी एलिजाबेथ के निधन के बाद चार्ल्स को सेंट जेम्स पैलेस में आधिकारिक तौर पर यूनाइटेड किंग्डम यानि इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, वेल्स व उत्तरी आयरलैंड का राजा घोषित कर दिया गया है। 

अभी चार्ल्स का राज्याभिषेक नहीं हुआ है। दरअसल सैकड़ों साल पुरानी कई रस्में हैं,  जिनके पूरा किए जाने के बाद चार्ल्स की ताजपोशी होगी। दरअसल राजा की मौत और उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा का काम एक्सेशन काउंसिल करता है। इसमें ब्रिटेन के प्रतिष्ठित पूर्व और मौजूदा राजनेता, शाही अधिकारी, चर्च ऑफ इंग्लैंड के प्रमुख व लंदन के लॉर्ड मेयर शामिल होंगे। ये सभी प्रिवी काउंसिल यानि ब्रिटिश शासक के राजनीतिक सलाहकार या एक तरह के दरबारी के सदस्य होते हैं। 


शासक की मौत के 24 घंटों में ही ये परिषद सेंट जेम्स पैलेस में उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा करता है।  आधिकारिक तौर पर राजा घोषित किए जाने के बाद शासक दरबारियों के साथ पहली बैठक करता है। इस दौरान राजा एक भाषण देता है, जिसमें कई व्यक्तिगत घोषणाएं करता है, साथ ही संघ अधिनियम, 1707 के तहत चर्च ऑफ स्कॉटलैंड की रक्षा की शपथ लेता है। भाषण के बाद गार्टर सेंट जेम्स पैलेस की बालकनी में खड़े होकर तेज आवाज में नए शासक की घोषणा करते हुए ईश्वर से शासक की रक्षा की गुहार लगाता है। 

इसके तुरंत बाद पूरे इंग्लैंड में दर्जनों से ज्यादा तोपों की सलामी दी जाती है।  राजा की सलामी में गोले दागती हैं। इसके बाद गार्टर की तरफ से नए राजा की घोषणा की पूरे इंग्लैंड में मुनादी की जाती है। इसके बाद 24 घंटे तक राजध्वज पूरा फहराया जाता है, बाद में शोक के तौर पर आधा फहरता है।

राजा घोषित किए जाने और मुनादी के बाद संसद का सत्र आयोजित किया जाता है, जिसमें सभी सांसद और पीएम समेत सरकार के सभी ओहदेदार नए शासक के प्रति वफादार होने की शपथ लेते हैं। इसके अलावा नए शासक को एक्सेशन डिक्लेरेशन एक्ट, 1910 के मुताबिक यह शपथ लेनी होती है कि, वो एक वफादार प्रोटेस्टेंट है और प्रोटेस्टेंट उत्तराधिकार की व्यवस्था को जारी रखेगा। हालांकि, यह शपथ आम चुनाव के बाद संसद की पहली बैठक के दौरान ली जाती है।

वहीं राज्याभिषेक में कई तरह की रस्म अदायगी और शोक से उबरने के कई माह बाद नए शासक की ताजपोशी होती है। रानी एलिजाबेथ द्वितीय की ताजपोशी उन्हें शासक घोषित किए जाने के 16 माह बाद हुई थी। चार्ल्स की ताजपोशी की तारीख अभी तय नहीं है।