Read in App


• Sat, 21 Sep 2024 3:47 pm IST


खेत में खून से लथपथ मिला ई-रिक्शा चालक का शव, बेटे ने जताई हत्या की आशंका


ऊधम सिंह नगर : दिनेशपुर में एक अधेड़ ई-रिक्शा चालक का खून से लथपथ शव खेत में मिला। घटनास्थल के आसपास खून पड़ा है। इसके अलावा उसका मोबाइल और ई -रिक्शे की बैटरी गायब है। मृतक के सिर पर मिले चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या और लूट का केस दर्ज किया है।

ग्राम अमरपुर निवासी गुरमीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके पिता जगदीश सिंह (52) दिनेशपुर में ई-रिक्शा चलाते थे। बृहस्पतिवार सुबह वह रिक्शा लेकर शाम को जल्दी घर लौटने की बात कहकर घर से निकले थे। रात तक भी जब वह नहीं पहुंचे तो उनकी खोजबीन की गई। आधी रात को उन्होंने थाने में पिता की गुमशुदगी की तहरीर दी थी। शुक्रवार सुबह दुर्गापुर नंबर एक गांव के पास सड़क से 300 मीटर दूर गुलशन कुमार के पॉपुलर की खेत में उसके पिता का शव पड़ा मिला। उनके सिर पर चोट के निशान थे और घटना स्थल के आसपास भी खून बिखरा था।घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर ई-रिक्शा खड़ा था। बताया कि ई-रिक्शा की बैटरी और पिता के जेब से मोबाइल गायब था। गुरमीत ने अज्ञात लोगों पर लूट के इरादे से पिता की हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना पर एएसपी निहारिका तोमर ने घटनास्थल का मुआयना किया। उधर जगदीश की मौत से पत्नी रणजीत कौर के साथ चार बेटियों और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। शाम को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने मृतक के शव को परिजनों को सौंप दिया।