Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 4 Sep 2021 2:04 pm IST

न्यूज़ एनालिसिस

जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री धामी ने की घोषणा , श्रीनगर बनेगा नगर निगम


प्रदेश में दोनों प्रमुख दल इन दिनों अपनी रैलियों से जनता के बीच जा रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अन्य दिग्गज भाजपा नेताओं सहित प्रदेश के  विभिन्न क्षेत्रों में पहुँच बड़ी बड़ी रैलियों को सम्बोधित कर रहे हैं। इसी बीच पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने श्रीनगर को नगर निगम बनाने की घोषणा की। आइये देखतें हैं उत्तराखंड के प्रमुख समाचार पत्रों ने मुख्यमंत्री की इस महत्वपूर्ण घोषणा को किस तरह से प्रकाशित किया है। 

अमर उजालाः अखबार ने " जन आशीर्वाद रैली में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, श्रीनगर को नगर निगम बनाने की घोषणा की "  शीर्षक के साथ खबर प्रकाशित की है। इसमें लिखा है कि " श्रीनगर से चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने पौड़ी जिले के लिए घोषणाओं की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका श्रीनगर को नगर निगम बनाया जाएगा। सीएम ने कहा कि उन्हें कई विकास योजनाओं की घोषणा करनी है, लेकिन विधायकों के अनुरोध पर वे उनके विधानसभा क्षेत्रों में जाकर यह घोषणाएं करेंगे। सभी घोषणाओं पर जल्द होगी कार्रवाई और तत्काल शासनादेश जारी होंगे। " इसके अलावा अखबार ने मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान अहम मुद्दों को भी प्रकाश में लाया है। 

दैनिक जागरण : अखबार ने " मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर गढ़वाल को नगर निगम बनाने की घोषणा की " शीर्षक के साथ खबर प्रकाशित की है। इसमें लिखा है कि, " मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर क्षेत्र के तोहफों की झड़ी लगा दी। उन्होंने श्रीनगर नगर पालिका को उच्चीकृत कर नगर निगम बनाने का एलान किया तो 9.35 करोड की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से मोदी सरकार के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। " इसके साथ ही अखबार ने ये भी लिखा है कि " इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सतपुली में झील निर्माण, बीरोंखाल में पॉलीटेक्निक में नए ट्रेड खोलने, चौबट्टाखाल महाविद्यालय में नए विषयों की स्वीकृति के साथ ही ज्वाल्पा-नौगांवखाल पंपिंपग पेयजल योजना की भी घोषणा की। रैली उमड़े जन सैलाब से अभिभूत मुख्यमंत्री ने कहा कि शासनादेश होते ही हर घोषणा जल्द धरातल पर उतरेगी। "

हिंदुस्तान : अखबार ने इस खबर को " श्रीनगर को बनाया जाएगा नगर निगम " शीर्षक के साथ प्रकाशित किया है। इसमें अख़बार ने लिखा है कि," मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रामलीला मैदान में आयोजित जन आशीर्वाद रैली के दौरान आयोजित जनसभा में श्रीनगर नगर पालिका क्षेत्र का विस्तार कर श्रीनगर को नगर निगम बनाने व पंचपीपल से लेकर श्रीनगर तक करीब तीन किमी. क्षेत्र में डबल लेन का बाईपास मार्ग बनाए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने श्रीनगर में बिजली की हाईटेंशन लाइन को भूमिगत कराए जाने घोषणा की। कहा नगर निगम में अवस्थापना सुविधाओं के लिए धनराशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में जो पानी के मीटर लगे हुए हैं उनसे बिलों में छूट दिए जाने की व्यवस्था की जाएगी।" 

न्यूज़ एनालिसिस :

तीनों ही अखबारों ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया है। हालाँकि अमर उजाला ने इस खबर को जन आशीर्वाद रैली की जानकारी के साथ प्रकाशित किया है। तीनों ही अखबारों ने इस खबर के लिए मुख्यमंत्री के दिए संबोधन को मूल बनाया है। अमर उजाला ने जन आशीर्वाद रैली का ब्यौरा देते हुए मुख्यमंत्री की इस महत्वपूर्ण घोषणा को प्रकाशित किया है। वहीँ दैनिक जागरण ने मुख्यमंत्री द्वारा श्रीनगर और आस पास के क्षेत्रों के लिए की गयी घोषणाओं को केंद्र बनाया है। साथ ही घोषणाओं में कितना पैसा आवंटित होगा इसकी भी जानकारी दी गयी है। वहीँ हिंदुस्तान ने मुख्यमंत्री की इस घोषणा को प्रदेश और केंद्र सरकार और साथ ही प्रधानमंत्री मोदी द्वारा चलाई जा रहीं जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए प्रकाशित किया। हालाँकि किसी भी अखबार में श्रीनगर के लिए की गयी इस महत्वपूर्ण घोषणा का राजनीतिक दृष्टिकोण नहीं प्रकाशित किया।