नारी सशक्तिकरण के बिना मानवता का विकास अधूरा है। हमारे देश और समाज में उनकी भूमिका, महत्ता, त्याग और योगदान को समय-समय पर सराहना करना और प्रोत्साहित करते रहना जरूरी है। उत्तर प्रदेश का पहला रीजनल न्यूज ऐप डेली इनसाइडर भी लगातार ऐसे प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में डेली इनसाइडर की ओर से अपने कार्यों से समाज, प्रदेश और देश में परिवर्तन लाने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के लिए "100 पॉवरफुल वीमेन समिट 2022" कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन 19 नवंबर को बरेली के होटल स्वर्ण टॉवर्स में किया जा रहा है।
इस समिट का उद्देश्य है बरेली की उन महिलाओं के संघर्ष की कहानी को आप तक पहुंचाना और उन्हें सम्मानित व प्रोत्साहित करना,जिन्होंने ये साबित किया है कि महिलाएं चहारदीवारी के अंदर तक ही सीमित नहीं है बल्कि उन्होंने हौसलों के पंख से आसमान को भी नापा है।
एक उम्मीद संस्था के साथ जुड़कर महिलाओं और लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका अदा कर रहीं समाज सेविका तूलिका गोयल ने महिलाओं को सम्मानित करने और उन्हें अपनी बात रखने के लिए एक बेहतरीन प्लेटफार्म देने के लिए डेली इनसाइडर की टीम को धन्यवाद दिया है। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था द्वारा अब तक हजारों महिलाओं और लड़कियों को सिलाई-कढ़ाई, सेल्फ डिफेन्स, ब्यूटीशियन का कोर्स, सोशल एक्टिविटीज और डांस आदि का प्रशिक्षण दिया जा चुका है जिससे वे आत्मनिर्भर बन चुकी हैं और अच्छी कमाई कर अपने परिवार का आर्थिक सहयोग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था का हमेशा यही प्रयास रहता है कि महिलाएं घर की चाहर दीवारी तक ही सीमित न रह जाएं, अगर उनमें कोई प्रतिभा है तो वह उभर कर बाहर आये जिसके माध्यम से वे आत्मनिभर बन सकें और अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें।