Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 24 Dec 2022 5:54 pm IST


क्रिसमस और नए साल के जश्न के लिए तैयार है केदारकांठा


उत्तरकाशी :  हिमालय की गोद में बसे उत्तरकाशी जिले में प्रकृति ने दिल खोलकर नेमतें बरसी हैं। ऐसे ही प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर पर्यटक स्थलों में से एक है केदारकांठा। यहां शीतकाल विशेष रूप से क्रिसमस और नए साल के जश्न के लिए पर्यटक उमड़ते हैं। केदारकांठा से सूर्योदय और सूर्यास्त का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। हालांकि इस साल अभी तक बर्फबारी नहीं होने यहां पर्यटकों की संख्या में कुछ कमी है। जनपद के सुदूरवर्ती क्षेत्र सांकरी से 10 किलोमीटर की दूरी व 3812 मीटर की ऊंचाई पर स्थित केदारकांठा बहुत ही मनोरम व खूबसूरत ट्रैक है। यहां से स्वर्गारोहणी, बंदरपूंछ, व्हाइट माउंटेन, कालानाग, गरुड़ पर्वत एवं गंगोत्री रेंज की पर्वत शृंखलाओं का मनोहारी दृश्य दिखाई देता है। साथ ही यहां से पुरोला में स्थित खूबसूरत रामा सेरांई और कमल सेरांई का नजारा देखने को मिलता है। वैसे तो केदार कांठा वर्षभर पर्यटकों को आकर्षित करता है। लेकिन शीतकाल में विशेष रुप से क्रिसमस (बड़े दिन) और नए साल के जश्न के लिए यहां पर्यटक पहुंचते हैं और ऊंचाई पर होने वाली परेशानियों को भूलाकर प्रात: 4 बजे उठकर सूर्योदय के अद्भुत नजारे को अपनी आंखों और कैमरे में कैद करते हैं। इसी तरह शाम को सूर्यास्त का नजारा भी यहां बेहद खास होता है।