काशीपुर। उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई। प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अनिल शर्मा ने कहा कि कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। संगठन इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। बैठक में तय हुआ कि प्रदेश कार्यकारिणी का चुनाव 16 और 17 अक्तूबर को होगा। इसका दायित्व पौड़ी जिला इकाई को दिया गया।पं. गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज में रविवार को हुई बैठक का शुभारंभ पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा और संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल शर्मा ने किया। डॉ. शर्मा ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को सुलझाने के लिए संगठन प्रदेश सरकार और संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क कर रहा है। उन्होंने संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए अनुशासन को सर्वोपरि बताया। साथ ही दिल्ली में प्रस्तावित पुरानी पेंशन बहाली रैली में अधिकतम संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।प्रदेश महामंत्री जगमोहन सिंह रावत ने बताया कि बैठक में कई प्रस्ताव रखे गए, जिसका समर्थन सभी पदाधिकारियों ने किया। पूर्व प्रदेश महामंत्री ईवी कुमार के संरक्षण में महावीर सिंह को देहरादून और विनोद पांडे को टिहरी का तदर्थ जिलाध्यक्ष बनाया गया। इससे पूर्व जिला अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मिश्रा और जिला मंत्री अजय शंकर कौशिक समेत पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कई जिलाध्यक्षों और जिला मंत्रियों ने शिक्षकों की समस्याएं बताकर उनके समाधान की मांग की। बैठक में विनोद दीक्षित, बृजेश गुप्ता, दीपक शर्मा, कौशलेश गुप्ता, मनोज शर्मा, राजू गौतम आदि रहे।