Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 11 Oct 2022 8:00 am IST


दीपावली पर लक्ष्मी जी की दस्तक से पहले कर लें ये 5 काम, दूर होगी दरिद्रता


देशभर में दशहरे की धूम के बाद लोगों को अब दीपावली का बेसब्री से इंतजार है। अंधकार पर प्रकाश की विजय का त्योहार दीवाली जल्द ही आने वाला है। 24 अक्टूबर को आने वाली दिवाली की तैयारियां जोरों पर हैं। जहां बाजारों में चहल-पहल बढ़ने लगी है, तो वहीं लोग अपने घरों का रंग-रोशन करने में व्यस्त हो गए हैं। दीपावली पर हर में मां लक्ष्मी जी का आगमन होता है। इस दिन मां लक्ष्मी के साथ गणेश भगवान की पूजा की जाती है। मान्यता है कि दिवाली पर घरों में लक्ष्मी जी विचरण करती हैं। जिन घरों में साफ-सफाई और स्वच्छता होती है उनमें लक्ष्मी जी निवास करने लगती हैं। ऐसे में अगर आप भी अपने घर में लक्ष्मी जी का स्थाई निवास चाहते हैं तो आपको ये 5 काम कर लेने चाहिए।

दूध-शहद से दूर होगी नकारात्मक ऊर्जा
माना जाता है कि कच्चे दूध में शहद के साथ स्नान करने से नकारात्मक ऊर्जाओं से मुक्ति मिलती है। इसलिए लोग कच्चे दूध में शहद मिलाकर इसके 2 हिस्से करते हैं। एक हिस्से को नहाने के पानी में मिलाया जाता है। इससे स्नान करने से नेगेटिव एनर्जी से छुटकारा मिलता है। वहीं दूध-शहद के दूसरे हिस्से को घर में छिड़का जाता है। इससे घर में भी सकारात्मक ऊर्जा का संचार बढ़ जाता है। 

मां लक्ष्मी के स्वागत की तैयारी
दीपावली पर लक्ष्मी माता का आगमन घरों में होता है। लोग माता के स्वागत के लिए अपने दरवाजे पर विधि-विधान से तोरण भी बनाते हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से लक्ष्मी माता प्रसन्न होती हैं और घर में निवास करती हैं। तोरण बनाने के लिए आम और केले के पत्तों को शुभ माना जाता है।

पैरों के निशान से मिलता है आर्शीवाद
दिवाली पर मां लक्ष्मी के पदचिन्हों को घर के मुख्य दरवाजे पर बनाया जाता है। पैरों का अगला हिस्सा घरों के अंदर की ओर होता है। माना जाता है कि ऐसा करने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती है और सुख-समृद्धि का आर्शीवाद देती है।

साफ-सफाई का रखें विशेष ध्यान
दिवाली पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है। माना जाता है कि मां लक्ष्मी कभी भी गंदगी और अव्यवस्था में निवास नहीं करती। इसलिए दिवाली से पहले ही घरों में साफ-सफाई से लेकर रंग-रोशन अच्छी तरह कर लेना चाहिए।

फर्नीचर से नहीं आनी चाहिए आवाज
दीपावली पर साफा-सफाई के साथ घरों की अन्य वस्तुओं पर भी ध्यान देना चाहिए। दीवाली पर घरों के फर्नीचर से आने वाली आवाजों को भी अपशगुन माना जाता है। इसलिए कहा जाता है कि अगर फर्नीचर जैसे बेड, सोफा से अगर कोई आवाज आती है तो इसे ठीक करना उचित रहता है।