हल्द्वानी : कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी की सात साल में चल और अचल संपत्ति में काफी इजाफा हुआ है। नामांकन में दिए शपथपत्र के अनुसार उनकी चल संपत्ति में 14.57 लाख और अचल संपत्ति में 77.29 लाख रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है। आठ साल से उनके पास इनोवा कार ही है, जबकि अब उनके बेटा-बेटी के पास भी कारें हो गई हैं। दोनों के पास हुंडई कार हैं।प्रकाश जोशी ने 2012 और 2017 में नैनीताल जिले की कालाढूंगी सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ा था लेकिन दोनों चुनावों में उनको हार का सामना करना पड़ा था। इस बार वह लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में दिए शपथपत्र के अनुसार उनके पास एक पुरानी इनोवा कार थी लेकिन इस दिए शपथपत्र में उनके पास ऊंचे मॉडल की इनोवा क्रिस्टा कार है। विधानसभा चुनाव में उनके पास 175 ग्राम सोना था। चल संपत्ति 33,37,548 रुपये और अचल संपत्ति 67,50,000 रुपये थी। इस बार दिए गए शपथ पत्र के अनुसार उनकी चल संपत्ति 4795304 रुपये और अचल संपत्ति 14479000 रुपये है।