Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 5 Nov 2022 12:00 am IST

राजनीति

भीड़ देखकर गदगद प्रियंका बोलीं- आपने मेरा दिल चुराया लिया


कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी काफी बढ़ गई है। यहां 12 नवंबर को वोटिंग होनी है। वहीं सभी राजनीतिक दल के नेताओं की चहलकदमी राज्य में बढ़ गई है। शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी हिमाचल दौरे के दौरान कांगड़ा में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जब केंद्र में हमारी सरकार बनेगी तो हम अग्निपथ योजना को रद्द कर देंगे। प्रियंका ने भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि हम जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। छत्तीसगढ़ में हमने किसानों की कर्जमाफी का वादा किया था और उसे पूरा भी किया।
कांगड़ा में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करने जब प्रियंका गांधी मंच की ओर बढ़ी तो वहां मौजूद लोगों की भीड़ ने उनका जोरदार स्वागत किया। लोगों के उत्साह और लगातार बजती तालियों को देखकर प्रियंका ने कहा कि आप लोगों ने आज मेरा दिल चुरा लिया। प्रियंका ने अपने संबोधन में कहा कि मैं एक शहीद की बेटी हूं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा की ये धरती अपने वीर जवानों के लिए जानी जाती है। यहां के जवान देश की सरहद की रक्षा करते हैं। इस राज्य के लोगों के पास बहुत जज्बा है। प्रियंका ने कहा कि आप सब का जज्बा देखकर ही इंदिरा गांधी जी ने हिमाचल प्रदेश को राज्य बनाया था।