Read in App


• Tue, 21 Nov 2023 5:19 pm IST


भारत-नेपाल की दोस्ती को और मजबूत करेगा मैत्री गेट


खटीमा स्थित भारत-नेपाल की अंतरराष्ट्रीय खुली सीमा पर मैत्री गेट निर्माण के लिए संस्कृति विभाग को 72.43 लाख रुपये का बजट मिल गया है। यह पैसा लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित होते ही दो मित्र देशों की सीमा पर पहली बार मैत्री गेट भी बनना शुरू हो जाएगा। मैत्री गेट बनने से दो पुराने मित्र राष्ट्रों के बीच की मित्रता और अधिक मजबूत होने की संभावना बढ़ जाएगी। ऊधमसिंह नगर जिले के सीमांत क्षेत्र और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृहक्षेत्र खटीमा से सटी नेपाल सीमा पर दोनों देशों की बीच आवाजाही के लिए कोई घोषित रास्ता नहीं है, इस कारण नोमेंस लैंड और अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांवों नगरा तराई और मेलाघाट के पास जंगलों से चोर रास्तों से गुजरकर नेपाल जाते हैं। इन चोर रास्तों में तस्करी की घटनाएं सामने आने पर कई बार सीमा पर तैनात एसएसबी और पुलिस को आम लोगों से भी पूछताछ करनी पड़ती है।लोनिवि खटीमा के ईई राजकुमार और जेई प्रकाश बताते हैं कि नेपाल से सटे मेलाघाट क्षेत्र में मैत्री गेट निर्माण के लिए संस्कृति विभाग को 72.43 लाख रुपये का बजट मिल गया है। जैसे ही यह बजट लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित होगा टेंडर निकालकर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।