Read in App


• Wed, 26 Jun 2024 5:32 pm IST


सुंदरढूंगा घाटी में दिव्य स्थल की खोज , विधायक CM को जानकारी देने देहरादून रवाना


बागेश्वर। बागेश्वर जिले की उपलब्धि से जुड़ चुके स्वास्तिक पर्वत क्षेत्र के विकास का खाका खींचने के लिए कपकोट विधायक सुरेश गढि़या देहरादून रवाना हो गए हैं। गढि़या मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने स्वास्तिक पर्वत के विकास का मामला उठाएंगे। दरअसल मंगलवार को मीडिया ने कपकोट के सुंदरढूंगा घाटी में हिम चोटी पर स्वास्तिक पर्वत की मौजूदगी को रिपोर्ट किया था । गत शनिवार को सुंदरढूंगा के देवीकुंड में बालयोगी स्वामी शैतन्य प्रकाश के सानिध्य में मां आनंदेश्वरी दुर्गा मंदिर की नींव रखने के दौरान लोगों की नजर स्वास्तिक पर्वत पर पड़ी थी। खबर प्रकाशित होने के बाद मंगलवार को जिले और जिले के बाहरी इलाकों से भी लोग स्वास्तिक पर्वत के बारे में जानकारी जुटाते रहे। अब कपकोट विधायक सुरेश गढि़या ने स्वास्तिक पर्वत को जिले के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि बताया है।  वह स्वास्तिक पर्वत की जानकारी मुख्यमंत्री को देने के लिए मंगलवार को देहरादून रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री के सामने सुंदरढूंगा के देवीकुंड को विकसित करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। देवकुंड तक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के साथ ही अन्य जरूरी सुविधाएं जुटाई जाएंगी। जल्द ही देवकुंड देश, दुनिया के लोगों की पहुंच में होगा।