Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 28 Dec 2022 12:34 pm IST

जन-समस्या

UP में चलेंगी बर्फीली हवाएं, पश्चिम यूपी के शहरों में कोल्ड डे की चेतावनी


लखनऊ: पश्चिमी हवाओं ने ठंड का कहर ढाना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटे में राजधानी में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की गिरावट हुई, जबकि रात का तापमान कोहरे के चलते छह डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम यूपी के जनपदों में घने कोहरे की वजह से कोल्ड डे की चेतावनी जारी हुई है।

दरअसल, किसी भी शहर में दो दिन लगातार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया जाए और अधिकतम तापमान में भी अधिकतम छह डिग्री की गिरावट दर्ज हो तो उसको कोल्ड डे की कैटेगरी में रखा जाता है। मौसम विभाग ने मेरठ, सहारनपुर, अमरोहा, मुजफ्फरनगर, संभल, बिजनौर और शाहजहांपुर जैसे शहरों के लिए ये चेतावनी जारी की है।

इन जिलों में भी अलर्ट

इसके अलावा कोहरे के लिए बरेली, पीलीभीत, रामपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद, बागपत सहित पश्चिमी यूपी में अलर्ट रखा गया है। हाईवे पर संभलकर गाड़ी चलाने का सुझाव दिया गया है। सर्द हवाओं के कारण प्रदेश का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। सबसे अधिक तापमान वाराणसी में 22.6 और प्रयागराज में 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम तापमान प्रयागराज और अयोध्या का 4.5 रहा।

वहीं, आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 24 घंटे के दौरान राजधानी में घना कोहरा पड़ेगा। दोपहर में आसमान साफ रहेगा और गुनगुनी धूप निकलती रहेगी। प्रदेश के अधिकतर शहरों में 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चलेंगी। लखनऊ में पांच किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चलने की उम्मीद है।