Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 1 Mar 2023 8:00 am IST


मार्च में सूर्य सहित कई ग्रह करेंगे गोचर, इन राशियों के जातकों की चमकेगी किस्मत


गोचर शब्द गम् धातु से बना है, जिसका अर्थ है चलने वाला। चर शब्द का अर्थ है गतिमय होना। इस प्रकार गोचर का अर्थ हुआ-निरन्तर चलने वाला। ब्रह्मांड में स्थित सभी ग्रह अपनी-अपनी धुरी पर अपनी गति से निरन्तर भ्रमण करते रहते हैं। इस भ्रमण के दौरान वे एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करते हैं। ग्रहों के इस प्रकार राशि परिवर्तन करने के उपरान्त दूसरी राशि में उनकी स्थिति को ही 'गोचर' कहा जाता है। प्रत्येक ग्रह जातक की जन्मराशि से विभिन्न भावों में गोचर भावानुसार शुभ-अशुभ फल देता है।  ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, ग्रहों के राशि परिवर्तन करने से सभी 12 राशियों के जीवन में शुभ या फिर अशुभ प्रभाव पड़ता है। मार्च माह में सूर्य देव के साथ-साथ कई अन्य ग्रह भी राशि परिवर्तन करने वाले हैं। ऐसे में कुछ राशियों के लिए मार्च का माह काफी अच्छा जाने वाला है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, मार्च मास में शुक्र, बुध, मंगल और सूर्य ग्रह राशि परिवर्तन करने वाले हैं। जानिए तिथि के साथ किन राशियों को मिलेगा लाभ।

शुक्र गोचर 
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, शुक्र ग्रह 12 मार्च, रविवार को सुबह 8 बजकर 37 मिनट पर मीन राशि से निकलकर मेष राशि में प्रवेश कर जाएंगे। इस राशि में 6 अप्रैल सुबह 11 बजकर 10 मिनट तक रहेंगे।

मंगल गोचर 
ग्रहों के सेनापति मंगल ग्रह 13 मार्च को सुबह 5 बजकर 33 मिनट पर मिथुन राशि में प्रवेश करने वाले हैं। इस राशि में 10 मई को दोपहर 2 बजकर 14 मिनट तक रहेंगे। इसके बाद कर्क राशि में प्रवेश कर जाएंगे।

सूर्य गोचर
ग्रहों के राजा सूर्यदेव 15 मार्च को सुबह 6 बजकर 47 मिनट पर मीन राशि में प्रवेश कर जाएंगे। 14 अप्रैल को दोपहर 3 बजकर 12 मिनट पर मेष राशि में प्रवेश कर जाएंगे।

बुध गोचर 
ग्रहों के राजकुमार, 16 मार्च को सुबह 10 बजकर 54 मिनट पर मीन राशि में प्रवेश कर जाएंगे। इसके बाद 31 मार्च को 3 बजकर 1 मिनट पर पुन: मेष राशि में प्रवेश करेंगे। जहां पर 7 जून तक रहेंगे।

इन राशियों के लिए रहेगा खास 
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, ग्रहों के राशि परिवर्तन करने से 5 राशियों के जीवन पर अधिक प्रभाव पड़ने वाला है। इन राशियों के लिए मार्च का माह काफी खास रहने वाला है। वृषभ, मिथुन, कर्क, तुला और मीन राशि के जातकों को हर क्षेत्र में सफलता मिलने वाली है। आर्थिक मामलों में भी फायदा मिलेगा। मां लक्ष्मी की कृपा से हर क्षेत्र में सफलता हासिल करें। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। कार्य स्थल में आपके काम की प्रशंसा होगी। ऐसे में पदोन्नति भी मिल सकती हैं। व्यापारी वर्ग के लोगों को भी मुनाफा मिलेगा।