Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 2 May 2023 3:00 pm IST

राजनीति

तीर्थहल्ली में राहुल गांधी ने पीएम मोदी और बीजेपी पर बोला हमला, कहा- ये है चोरी की सरकार...


कर्नाटक मेंल 10 मई को विधानसभा चुनाव होंगे। मतदान को लेकर सभी पार्टियों के नेता जमकर पसीना बहा रहे हैं। अपने-अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेता भी राज्य में लगातार चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। 

राज्य में कड़ा मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। एक तरफ जहां भाजपा राज्य में अपनी सत्ता बरकरार रखने लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है, वहीं कांग्रेस सत्ता में वापसी कर दक्षिण राज्यों की राजनीति में अपना पुराना दबदबा कायम रखने के लिए संघर्ष करती नज़र आ रही है। वहीं आज कर्नाटक के दो इलाके चित्रदुर्ग और तीर्थहल्ली में पीएम मोदी और कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित किया। 

शिवमोगा जिले तीर्थहल्ली में जनसभा को संबोधित करने के दौरान राहुल गांधी ने भाजपा और पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि, भाजपा की यह सरकार चोरी की सरकार है। भाजपा ने तीन साल पहले लोकतंत्र को नष्ट कर इसे चुरा लिया था। पीएम मोदी अपनी सरकार में किए गए भ्रष्टाचार के बारे में क्यों नहीं बोल रहे हैं? उन्हें बताना चाहिए कि, कर्नाटक में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए उन्होंने क्या कदम उठाए हैं।

राहुल ने कहा कि, मोदी जी, यहां जो लोग खेती करते हैं, उन्हें उनकी जमीनें नहीं दी जा रही हैं, तब आपने क्या किया? यहां जो विश्वेश्वरैया आयरन एण्ड स्टील प्लांट था, उसके बारे में आपने क्या किया? ये चुनाव नरेंद्र मोदी जी के बारे में नहीं... यहां के बच्चों, युवाओं और माताओं-बहनों के भविष्य के बारे में है। यह कर्नाटक का चुनाव है।

पीएम मोदी ने यहां आकर कहा कि कांग्रेस ने उन पर 91 बार हमला किया। वह कर्नाटक के बारे में कुछ नहीं कह रहे हैं। उन्हें बताना चाहिए कि भाजपा सरकार क्या करेगी? मोदी ही नहीं इस दुनिया में और भी लोग हैं। उन्हें अपनी पार्टी के अन्य नेताओं, युवाओं और महिलाओं के बारे में बोलना चाहिए।

राहुल ने कहा कि, हमने 'मन की बात' नहीं की बल्कि कर्नाटक के मन की बात सुनी। हमने सर्वे किया और प्रदेश के युवाओं, माताओं-बहनों से पूछा कि हमें क्या करना चाहिए। हम कर्नाटक के लोगों से इन प्रतिबद्धताओं को पूरा करने और राज्य को अद्वितीय प्रगति और समृद्धि के एक नए युग में ले जाने का दृढ़ संकल्प करते हैं।